सागर मसल मैनिया नेचुरल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में आदर्श सूर्यवंशी ने जीता स्वर्ण पदक

सागर
सागर शहर के होनहार युवा आदर्श सूर्यवंशी ने हाल ही में आयोजित मसल मैनिया नेचुरल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता पूरी तरह प्राकृतिक बॉडीबिल्डिंग पर आधारित होती है, जिसमें किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित या गलत साधनों के उपयोग की अनुमति नहीं होती।

25 वर्षीय आदर्श सूर्यवंशी, पिता श्री जीतेंद्र सूर्यवंशी एवं माता श्रीमती पीतांबरी सूर्यवंशी के सुपुत्र हैं। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि उनके लिए सिर्फ एक पदक नहीं, बल्कि वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और त्याग का परिणाम है। अपने सपने को साकार करने के लिए आदर्श ने लगभग 100 किलोग्राम तक वजन कम किया, जो उनके जीवन का सबसे कठिन लेकिन प्रेरणादायक सफर रहा।

आदर्श का कहना है कि यह यात्रा केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी चुनौतीपूर्ण रही। कई बार हार मानने का मन हुआ, लेकिन परिवार के विश्वास और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें आगे बढ़ने की शक्ति दी।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब आदर्श का अगला लक्ष्य मसल मैनिया यूएसए में भाग लेकर भारत का प्रतिनिधित्व करना है। वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराकर देश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं।
आदर्श सूर्यवंशी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि बॉडीबिल्डिंग उनके लिए सिर्फ शरीर निर्माण नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मसंघर्ष की कहानी है। उन्होंने कहा, “परिस्थितियाँ कैसी भी हों, अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता।




