लगुन में कम रुपए, दुल्हन पक्ष से मारपीट का आरोपः सागर में न बारात लाए, न ही रुपए लौटाए; दहेज के लोभियों पर कार्रवाई की मांग

सागर मोतीनगर थाना क्षेत्र में लगुन में कम दहेज आने की बात को लेकर लड़की पक्ष के साथ मारपीट का आरोप है। दुल्हन का भाई और परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं। शुक्रवार शाम लड़की पक्ष के लोग दुल्हन के साथ एसपी कार्यालय में शिकायती आवेदन सौंपा।
उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्राम पथरिया हाट में गुरुवार की रात मकरोनिया में रहने वाले लड़की पक्ष के लोग दूल्हे के घर लगुन लेकर पहुंचे थे। लगुन का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान लगुन की थाली में कम दहेज देख दूल्हा भड़क गया। उसने दुल्हन के भाई के साथ मारपीट कर दी। तभी परिवार के अन्य सदस्यों ने भी लड़की पक्ष के लोगों से मारपीट की।
घटनाक्रम के बाद वे पुलिस थाने शिकायत करने पहुंचे। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद परिवार के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है।
न बारात लाए, न लगुन का सामान लौटाया
दुल्हन के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी पथरिया हाट निवासी राजा अहिरवार के साथ तय हुई थी। 1 मई को लगुन कार्यक्रम तय हुआ था लेकिन दूल्हे पक्ष ने तैयारियां नहीं होने से लगुन 8 मई को करने का बोला। इस पर गुरुवार की रात लगुन लेकर पथरिया हाट दूल्हन पक्ष के लोग पहुंचे। रात करीब 10 बजे लगुन खुली।
इसमें 12 हजार नकद, बाइक, चांदी का नारियल और दूल्हे के परिवार को कपड़े थे। दहेज में 12 हजार रुपए देखकर विवाद शुरू हुआ। विवाद में मारपीट की गई। मारपीट में बेटा व अन्य लोग घायल हुए हैं। पिता ने कहा कि आज यानी शुक्रवार को बेटी की बारात आना थी लेकिन वह न तो बारात लेकर आए और न ही लगुन का सामान लौटाया है।
दुल्हन बोली-सख्त कार्रवाई हो
युवती ने एसपी कार्यालय में कहा कि शुक्रवार को मेरी शादी थी। लेकिन दहेज के लोभियों ने शादी से एक दिन पहले मेरे भाई, पिता व अन्य लोगों से मारपीट की। घर में शादी की तैयारियां हो चुकी थी। लेकिन वह बारात लेकर नहीं आए हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होना चाहिए। मुझे न्याय दिलाया जाए।




