सागर में लकड़ी के टाल में भीषण आग, चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

सागर तिलकगंज इलाके के झूला तिराहे के पास रविवार सुबह करीब 4 बजे अचानक लकड़ी के टाल में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोग जागे और तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
हालांकि, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चारों तरफ धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। नगर निगम, नगर पालिका और सेना की फायर ब्रिगेड की मदद से करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बड़ा नुकसान
झूला तिराहे पर हरविंदर सिंह का लकड़ी का टाल है, जहां बड़ी मात्रा में लकड़ी रखी हुई थी। सुबह अचानक आग लगने से पूरा टाल जलकर राख हो गया। चूंकि सुबह का समय था और टाल में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए आग तेजी से फैली।
फायर ब्रिगेड के समय पर पहुंचने से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोका जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया और नुकसानी का पंचनामा तैयार किया।



