
सागर सुरखी देहार नदी में तैरती मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी, प्लास्टिक की टंकियों को नाव बनाकर ग्रामीणों ने दिखाई अनूठी कलाकारी

सागर जिले के सुरखी क्षेत्र के चतुर्भटा गांव में आस्था और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां ग्रामीणों ने देहार नदी के बीच प्लास्टिक की टंकियों को नाव के रूप में इस्तेमाल कर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक झांकी सजाई है। पानी में तैरती इन झांकियों को देखने और माता रानी के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
झांकी में मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के स्वरूप विराजमान हैं।
समिति के सदस्य इंदर बजाज ने बताया कि गांव में पिछले नौ वर्षों से ग्रामीण मिलकर माता रानी की स्थापना करते आ रहे हैं।
इस वर्ष युवाओं ने कुछ अलग करने का विचार किया और देहार नदी के बीच प्लास्टिक की टंकियों को नाव के रूप में इस्तेमाल कर नौ देवियों की झांकी तैयार की। युवाओं की मेहनत और रचनात्मक सोच से तैयार यह झांकी अब श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नवरात्रि के दौरान गांव में विभिन्न धार्मिक आयोजन भी किए जा रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल मे है।



