
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अस्थि रोग वार्ड नंबर 14 के अन्दर बने स्टोर रूम से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि स्टोर रूम से बदबू आने के बाद वार्ड में भर्ती मरीजों ने इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही BMC प्रबंधन और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शव करीब दो से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। हालांकि, शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, जिस कमरे से शव बरामद हुआ, उसका दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
गोपालगंज थाना प्रभारी का कहना है कि अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। यह भी जांच की जा रही है कि मृतक अस्पताल में भर्ती मरीज था या किसी मरीज का परिजन।

वहीं, BMC अधीक्षक राजेश जैन ने मामले को गंभीर बताया है और कहा है कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शव की पहचान और मौत की असली वजह सामने आने के बाद ही इस पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।



