
बंडा शराब मामले में राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण आयोग सदस्य की टीम ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात जानकारी ली
सागर का दौरा शराब कांड में दोषी कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा, दिए सख्त कार्यवाही के निर्देश

सागर बंडा शराबकांड में करीब दो दर्जन से अधिक व्यक्तियों की जान गंवाने और सैकड़ों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने के बाद यह मामला थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। इसी मामले को लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो पीडि़तों तथा उनके परिजनों से मिलने सागर पहुंचे, जहां राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य ओंकार सिंह, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति सदस्यों के साथ उन्होंने सख्त से सख्त कार्यवाही किए जाने का अल्टीमेटम दे दिया। मृतकों के परिवारों को न्याय मिले और कार्यवाही की जाये ।
चौबीस घंटे के अंदर मृतकों के परिजनों के बयान लेने एवं परिजनों द्वारा एफआईआर कराए जाने पर कार्यवाही के निर्देश दिए। श्री कानूनगो बंडा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जगथर और गूगरा पहुंचे और मृतको के परिजनों से मुलाकात की।
प्रियंक कानूनगो द्वारा मृतको के परिजनो से बातचीत से जानकारी मिली कि अब तक पुलिस ने उनके कोई बयान नहीं लिए है, वहीं पुलिस एसडीओपी से भी इस जानकारी की पुष्टि की, जिस पर प्रियंक कानूनगो ने पुलिस की कार्यवाही पर गहरा आक्रोश जताया।
प्रियंक कानूनगो द्वारा किए गए दौरे और निरीक्षण और पूछतांछ में सामने आया कि बंडा में हुई करीब दो दर्जन मौतों के मामले में एक भी व्यक्ति के मरणासन्न कथन नहीं लिए गए है। जबकि कई परिजनों का कहना है कि उनके संबंधी जब बीमार हुए उस समय बातचीत कर रहे थे, कई लोग जनरल वार्ड में भी एक दो दिन भर्ती रहे, उसके बाद तबियत बिगडऩे पर आईसीयू में भर्ती किए गए और मौत भी हो गई। इस पर श्री कानूनगों ने कहा कि इतना लंबा समय होने के बाबजूद भी पुलिस द्वारा किसी के भी मरणासन्न कथन नहीं लिए गए। जिसके बाद अधिकारी अपनी नजरें झुकाए हुए निरूत्तर दिखे।
श्री कानूनगो ने ग्राम जगथर में मृतक अजय लोधी की मां से मुलाकात की। इस दौरान श्री कानूनगो ने उनसे यह जानकारी ली कि यहां पर शराब कौन बेचता है, आपके बेटे ने किस से शराब ली थी। इस सवाल पर ग्रामीणों ने ग्राम में शराब बेचने वाले लोगों का नाम लिया और बताया कि उस पर अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई श्री कानूनगो ने वहां उपस्थित एसडीओपी रोहित लखेर को निर्देश दिए कि मामले में मृतक की मां की रिपोर्ट पर फौरन एफआईआर दर्ज की जाए
प्रियंक कानूनगो एवं ओंकार सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यह पूरी घटना काफी दुखद और हृदय विदारक है,जिसमें कई बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया है। जिसमें हम सभी का दायित्च है कि हर जरूरत मंद बच्चे को शासकीय योजनाओं से जोडक़र उन्हे लाभ दिलाएं ताकि उनकी परवरिश,पढ़ाई और जीवन यापन आसानी हो
सागर दौरे में उन्होंने बीएमसी में इलाजरत मरीजों के परिवारों से मुलाकात की, साथ ही बीएमसी में इलाज के लिए भर्ती मरीजों के परिजनों से मिलकर उनके इलाज के बारे में जानकारी लेकर उपस्थित बीएमसी अधीक्षक डॉ राजेश जैन को मरीजों का बेहतर इलाज कराए जाने के निर्देश दिए।
श्री कानूनगो ने सर्किट हाउस में कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया के साथ बैठक कर के शराब कांड के बारे में जानकारी लेकर अपराधियों पर सख्त करवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



