मध्य प्रदेशसागर बुंदेलखंड

माता मढ़िया क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों का तांडव, चाकू लहराकर की तोड़फोड़

सागर

सागर। शहर के सबसे व्यस्त इलाके माता मढ़िया के पास शनिवार रात नकाबपोश बदमाशों ने खुलेआम उत्पात मचाकर दहशत फैला दी। रात करीब 8:30 बजे हुई इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज रविवार सुबह करीब 7:30 बजे सामने आया, जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।

सीसीटीवी वीडियो में दिखाई दे रहा है कि माता मंदिर के पास वाले रास्ते से तीन मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक आते हैं। उनके चेहरे मफलर से ढके हुए हैं और हाथों में चाकू नजर आ रहे हैं। बदमाशों ने पहले एक ऑटो रिक्शा को रोककर उसके शीशे पर चाकू से हमला किया। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया।

इसके बाद बदमाशों ने पास स्थित पावन फोटोकॉपी दुकान को निशाना बनाते हुए कांच और दुकान के सामान में जमकर तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है कि करीब 15 मिनट तक, यानी 8:30 से 8:45 बजे के बीच, बदमाश पूरे इलाके में उत्पात मचाते रहे और लोगों को धमकाते रहे। वारदात के बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने माता मढ़िया के सामने चक्काजाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और रहवासियों में भय का माहौल है। लोगों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button