
सागर के ग्राम कुड़ारी में कृषि विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारण किया गया 500 बोरी उर्वरक जब्त किया है। टीम ने मौके से 230 बोरी खाद ट्रक से और 270 बोरी मकान के अंदर से बरामद की। जब्त किए गए उर्वरक और ट्रक की कुल कीमत करीब 21 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। मामले में दस्तावेज नहीं मिलने पर कृषि विभाग ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, कृषि विकास अधिकारी सह उर्वरक निरीक्षक शिवकांत सिंह राजपूत को रविवार को सूचना मिली थी कि ग्राम कुड़ारी में सचिन गुप्ता के मकान में अवैध रूप से उर्वरक का भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद कृषि विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और छापेमार कार्रवाई की।
ट्रक और मकान से मिली खाद की बोरियां
कार्रवाई के दौरान मौके पर एक ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 2213 खड़ा मिला, जिसमें से उर्वरक की बोरियां उतारकर मकान में रखी जा रही थीं। जांच टीम ने ट्रक और मकान की तलाशी ली, जिसमें कुल 500 बोरी बेंटोनाइट ग्रेन्यूल्स उर्वरक बरामद हुआ। बरामद उर्वरक का कुल वजन 25 हजार किलोग्राम बताया गया है। इसमें 230 बोरी ट्रक में और 270 बोरी मकान के अंदर रखी हुई मिलीं।
कृषि विभाग के अनुसार, जब्त किए गए उर्वरक की कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये है, जबकि मौके से जब्त ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कार्रवाई में कुल 21 लाख 25 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
जांच के दौरान उर्वरक के भंडारण, खरीदी और बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज मौके पर पेश नहीं किए जा सके। इसके बाद कृषि विभाग ने मामले में कार्रवाई के लिए कैंट थाने में शिकायत दी।
दो लोगों पर मामला दर्ज
कैंट थाना पुलिस ने कृषि विभाग की शिकायत पर मेसर्स मां हरसिद्धि एग्रो के प्रोपराइटर प्रदीप पिता काशीराम साहू और सहदेव फर्टिलाइजर्स भावनगर (गुजरात) के प्रोपराइटर महेश रामजी भाई चौहान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जब्त खाद के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।




