
पैसों के विवाद में पिता की हत्या करने वाला पुत्र गिरफ्तार,
थाना विनायका पुलिस ने पैसों के विवाद में अपने ही पिता की हत्या कर शव को घास के नीचे छिपाने वाले आरोपी पुत्र को गिरफ्तार
घटना का विवरण दिनांक 13 जुलाई 2026 को फरियादिया जगरानी रावत, पत्नी स्व. खज्जू रावत, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम पिथौली, थाना विनायका ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पति खज्जू रावत घर से निकले थे, जिन्हें उनका पुत्र फूल सिंह उर्फ फुल्लू रावत अपने साथ ले गया था। इसके बाद से वे वापस नहीं लौटे। कुछ समय बाद उनका शव गांव के समीप स्थित एक टपरिया में घास के नीचे छिपा हुआ मिला। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हुआ कि किसी भारी एवं वजनदार वस्तु से प्रहार कर उनकी हत्या की गई है।
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना विनायका में अपराध क्रमांक 80/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 238(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी विनायका के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
तलाश के दौरान आरोपी फूल सिंह उर्फ फुल्लू रावत, पिता खज्जू रावत, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पिथौली, थाना विनायका को जंगल क्षेत्र से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के विवाद के चलते अपने पिता की हत्या करना तथा शव को टपरिया में घास के नीचे छिपा देना स्वीकार किया।
आरोपी के कथनों की पुष्टि उपलब्ध तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों से होने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय बंडा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल, सागर भेज दिया गया।



