
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पीरघाट पुल पर स्लीपर बस और ट्रक की आमने-सामने की भीषण टक्कर में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, उज्जैन से इंदौर होते हुए ललितपुर जा रही स्लीपर बस सोमवार सुबह करीब 7 बजे पीरघाट पुल पर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस के भीतर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 के प्रधान आरक्षक खलक सिंह यादव और पायलट राजधार प्रजापति मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में करीब 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं।
गंभीर घायलों में ललितपुर निवासी गुड्डी बाई, उज्जैन निवासी उमा तिवारी और ललितपुर निवासी हरिराम प्रजापति शामिल हैं। तीनों का इलाज बीना सिविल अस्पताल में जारी है, जबकि अन्य घायलों को खुरई और बीना के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद कुछ समय तक पीरघाट पुल पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और आवागमन बहाल कराया। दुर्घटनास्थल मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर होने के कारण संबंधित थाना क्षेत्र का निर्धारण किया जा रहा है। इसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।



