
*शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार*
*नकदी, चांदी की पायल एवं घटना में प्रयुक्त कार जब्त, दो आरोपी अभी फरार*
पुलिस थाना जैसीनगर पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
फरियादी नोनीराम पटेल निवासी ग्राम महुआखेड़ा पैगवार ने थाना जैसीनगर में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने शादी कराने का झांसा देकर उसकी शादी रुकमणी चतुर्वेदी से कराई। विवाह के बाद रुकमणी चतुर्वेदी विवाह में मिले सोने-चांदी के जेवरात एवं ₹30,000 नगद सहित कुल लगभग ₹1.50 लाख की संपत्ति लेकर फरार हो गई। शिकायत पर थाना जैसीनगर में अपराध क्रमांक 197/2026 धारा 318(4), 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित किए गए तथा मुखबिर की सूचना पर आरोपी अरविंद विभार पिता जगतसिंह विभार निवासी जकराना, थाना बहरोड़, जिला अलवर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों रुकमणी चतुर्वेदी, ममता चतुर्वेदी, जीन्स नूर उर्फ सगीता तथा वाहन चालक सोनू अहिरवार के साथ मिलकर शादी के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से ₹20,000 नगद, चांदी की पायल (कुल कीमत लगभग ₹20,700) तथा घटना में प्रयुक्त कार क्रमांकMP-34-CA-0304 (कीमत लगभग ₹1.50 लाख) जब्त की गई।
मामले में ममता चतुर्वेदी एवं जीन्स नूर उर्फ सगीता निवासी बिलासपुर (छत्तीसगढ़) की गिरफ्तारी शेष है, जिनकी तलाश जारी है।
- *गिरफ्तार आरोपी*
अरविंद विभार, रुकमणी चतुर्वेदी एवं सोनू अहिरवार को दिनांक 01.08.2026 को माननीय न्यायालय सागर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेजा गया।



