मध्य प्रदेशसागर बुंदेलखंड

हिलगन के जंगल में मृत मिला नर बाघ, इलाके में मचा हड़कंप पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

सागर

सागर। दक्षिण वन मंडल अंतर्गत ढाना वन परिक्षेत्र के ग्राम हिलगन के जंगल में रविवार को एक नर बाघ मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ वरुण यादव स्वयं अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृत बाघ की उम्र करीब 5 से 6 वर्ष बताई जा रही है। शव जिस स्थान पर मिला है, वह वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व की सीमा से लगभग दो किलोमीटर दूर राजस्व वन क्षेत्र में स्थित है। आशंका जताई जा रही है कि बाघ अपनी टेरिटरी की तलाश में रिजर्व से बाहर आ गया होगा। रविवार को जंगल गए एक ग्रामीण ने बाघ को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद गांव में सूचना दी गई। ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को जानकारी मिलने पर अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि शव काफी फूला हुआ था, जिससे अनुमान है कि मौत एक-दो दिन पहले हो चुकी होगी।

वन विभाग के अनुसार बाघ के शरीर पर किसी प्रकार के घाव, करंट या शिकार के प्राथमिक निशान नहीं मिले हैं। शव सुरक्षित अवस्था में पाया गया है। प्रोटोकॉल के तहत आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया है और बाघ का विधिवत पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button