छानबीला थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई 90 बल्क लीटर अवैध शराब व स्कॉर्पियो वाहन जब्त

सागर थाना छानबीला पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध इस वर्ष की तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 90 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹61,800 है, एवं वाहन (स्कॉर्पियो) जिसकी कीमत लगभग ₹4,00,000 है, जप्त की गई।
यह कार्रवाई श्रीमान पुलिस अधीक्षक सागर श्री विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशानुसार की गई, जिन्होंने समस्त थाना प्रभारियों को जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सतत अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना श्री संजीव उइके एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बंडा श्रीमती शिखा सोनी के मार्गदर्शन में थाना छानबीला पुलिस द्वारा क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
सूचना प्राप्त हुई थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना छानबीला पुलिस टीम द्वारा ग्राम रुरावन के पास पुरा शाहगढ़ जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। पुलिस को आता देख आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 11 पेटी देशी मदिरा (90 बल्क लीटर) बरामद की गई। मौके से शराब एवं स्कॉर्पियो वाहन को जप्त करते हुए थाना छानबीला में आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *