रहली 2 मंजिला कच्चे मकान की दीवार गिरी: दीवार के मलबे में 3 साल का बालक समेत चार लोग दबे, रेस्क्यू कर सभी को निकाला

सागर जिले के रहली नगरीय क्षेत्र वार्ड क्रमांक-9 में मंगलवार की रात दो मंजिला कच्चे की दीवार ढह गई। घटना में मकान में रहने वाले चार लोग दीवार के मलबे की चपेट में आए। जिसमें एक 3 साल का बालक भी शामिल है। घटना देख मौके पर अफरा-तफरी मची। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 9 में नंदकिशोर साहू का दो मंजिला कच्चा मकान है। मकान जर्जर हालत में है। मकान में किराएदार रहते हैं। मंगलवार की शाम तेज बारिश हुई। जिसके बाद रात के समय अचानक जर्जर मकान की दीवार ढह गई। घटना में कैलाश पिता कालूराम चढ़ार उम्र 42 साल, नरेश पिता पुनऊ चढ़ार उम्र 25 साल, मोहन पिता नरेश चढ़ार उम्र 3 साल और अनीता सोनी उम्र 60 साल दीवार के मलबे की चपेट में आ गए। दीवार गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बचाने रेस्क्यू शुरू किया। स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के पहुंचने के पहले पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में अनीता सोनी और कैलाश चढ़ार को गंभीर चोटे आई हैं। जिन्हें उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है।मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटना के समय घायल अनीता सोनी अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। वहीं घायल पिता नरेश और बेटा मोहन घर में थे। तभी अचानक दीवार गिरी और मलबे के चपेट में आ गए। तहसीलदार राजेश पांडे ने बताया कि वार्ड 9 में कच्चे मकान की दीवार गिरी है। जिसमें चार लोग घायल हुए हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *