मध्य प्रदेश

राहुल गांधी को बीना आने का निमंत्रण मिला

सागर बीना

राहुल गांधी को बीना आने का निमंत्रण

19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान बीना जनपद सदस्य एवं ‘भारत जागो यात्रा’ के संयोजक पी. पी. नायक की कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। कार्यक्रम के बाद इंदौर से दिल्ली की हवाई यात्रा के दौरान दोनों के बीच लगभग दो घंटे तक विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुलाकात में पी. पी. नायक ने बीना के कटरा मंदिर से अयोध्या धाम तक निकाली गई ‘भारत जागो यात्रा’ के उद्देश्य, यात्रा के दौरान हुए जनसंवाद तथा विभिन्न क्षेत्रों में जनता से प्राप्त अनुभवों और सुझावों से राहुल गांधी को अवगत कराया।

चर्चा का महत्वपूर्ण विषय मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा एवं नगरीय निकाय चुनावों की पृष्ठभूमि में जनसंवाद को मजबूत करना रहा। इसके साथ ही आम जनता की स्थानीय समस्याओं को सीधे सुनने, उनका दस्तावेजीकरण करने और जमीनी मुद्दों को राजनीतिक विमर्श में स्थान देने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

पी. पी. नायक ने राजनीति में नए चेहरों, युवाओं और जमीनी स्तर पर सक्रिय लोगों को आगे लाने की आवश्यकता का विषय भी राहुल गांधी के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि ‘भारत जागो यात्रा’ के दौरान जनता के बीच रहकर उन्हें यह अनुभव हुआ कि स्थानीय समस्याओं और आम नागरिकों की आवाज को व्यवस्थित रूप से सामने लाने की आवश्यकता है।

मुलाकात के दौरान पी. पी. नायक ने राहुल गांधी को बीना आने का निमंत्रण दिया। नायक के अनुसार राहुल गांधी ने उनके आमंत्रण पर शीघ्र बीना आने का आश्वासन दिया। इसे बीना और आसपास के क्षेत्र में जनसंवाद की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पी. पी. नायक ने कहा कि राहुल गांधी के साथ इंदौर से दिल्ली तक हुई यह मुलाकात उनके लिए स्मरणीय और सार्थक संवाद रही। उन्होंने कहा कि ‘भारत जागो यात्रा’ के माध्यम से प्राप्त जनअनुभवों को आगे भी व्यापक जनसंवाद और जनसमस्याओं के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button