सागर संगीता तिवारी महापौर ने जल गुणवत्ता जांच का औचक निरीक्षण किया, दूषित जल स्रोतों पर चेतावनी लिखने के निर्देश

सागर

सागर नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रही पानी की गुणवत्ता जांच का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कुओं, हैंडपंपों, दुकानों एवं घरों में लिए जा रहे पानी के नमूनों की जांच प्रक्रिया को देखा और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। श्रीराम चौक, बड़ा बाजार स्थित कुआं एवं हैंडपंप के पानी की जांच रिपोर्ट में पानी पीने योग्य नहीं पाया गया। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल लाल रंग से “पानी पीने योग्य नहीं” की चेतावनी लिखने तथा नागरिकों को इस जल स्रोत का उपयोग न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दूषित पाए गए सभी जल स्रोतों पर इसी प्रकार स्पष्ट चेतावनी अंकित की जाए।
इसके साथ ही संतकबीर वार्ड में शीतला माता मंदिर क्षेत्र में स्थित कुआं, हैंडपंप एवं घरों के पानी की जांच में पानी पीने योग्य पाया गया । निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य श्री धर्मेन्द्र खटीक, उपायुक्त श्री एस.एस. बघेल, सहायक यंत्री श्री संजय तिवारी, संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री रिशांक तिवारी सहित नगर निगम जलप्रदाय शाखा के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *