बंडा दलपत पुर – नयाखेडा मार्ग पर सड़क हदसा मजदूरों से भरा अचानक अनियंत्रण पिकअप पलटा एक की मौत पांच घायल

सागर मध्यप्रदेश
सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत दलपतपुर-नयाखेड़ा मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां मजदूरों से भरी पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में करीब 35 मजदूर सवार थे, जो सोयाबीन की फसल काटने मुड़ारी गांव जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप (क्रमांक एमपी 15 जेडएफ 1243) में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी बैठे थे। ड्राइवर शराब के नशे में धुत होकर गाड़ी चला रहा था। रास्ते भर महिलाएं उसे धीरे चलाने की सलाह देती रहीं, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। नयाखेड़ा-दलपतपुर के बीच पहुंचते ही उसने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क किनारे पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार मजदूर चीख-पुकार करने लगे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मृत महिला की पहचान रचना अहिरवार निवासी नयाखेड़ा के रूप में हुई।
5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें पहले बंडा अस्पताल ले जाया गया और बाद में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया। अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें उपचार के बाद घर भेजा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बंडा अस्पताल भेजा गया है।घटनाक्रम की सूचना मिलते ही बंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।

ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।



