सागर
सागर। शहर के व्यस्त तीनबत्ती चौराहे पर पहली बार पुलिस की महिला आरक्षक जयश्री पाठक को यातायात ड्यूटी संभालने की जिम्मेदारी दी गई है, और उन्होंने अपने कर्तव्यनिष्ठ कार्य से पूरे क्षेत्र में मिसाल कायम कर दी है। लंबे समय से तीनबत्ती पर ऑटो और बाइक के अव्यवस्थित खड़े होने से लगने वाला जाम आज पहली बार कम होता नजर आया।
तीनों मार्गों पर दौड़-दौड़कर संभाला ट्रैफिक
स्थानीय लोगों के अनुसार, जयश्री पाठक लगातार तीनों सड़कों पर दौड़कर अनुशासनहीन रूप से खड़े वाहनों को हटाती रहीं। उन्होंने ऑटो चालकों को निर्धारित स्थान पर खड़े होने की हिदायत दी और जाम लगाने पर सख्त मनाही की। उनके सक्रिय प्रयासों का परिणाम यह रहा कि पूरा चौराहा आज साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखाई दिया, जिससे आवागमन बेहद आसान हो गया।

शहर में हो रही जमकर सराहना
व्यापारियों से लेकर राहगीरों तक, सभी का कहना है कि यदि हर पुलिसकर्मी इसी तरह ईमानदारी और सजगता से ड्यूटी निभाए, तो सागर शहर की यातायात समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है। जयश्री पाठक की मेहनत और कर्मठता की चर्चा पूरे शहर में हो रही है।

कर्तव्य सर्वोपरि: जयश्री पाठक
अपने काम को लेकर आरक्षक जयश्री पाठक का कहना है,
“मुझे अधिकारियों ने जो दायित्व सौंपा है, मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभा रही हूँ। जनता को परेशानी न हो, यही मेरा पहला कर्तव्य है।”
तीनबत्ती चौराहे की सुधरी व्यवस्था आज इस बात का प्रमाण है कि जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ किया गया काम हमेशा सकारात्मक बदलाव लाता है।

Leave a Reply