झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत

पुलिस ओर स्वस्थ्य विभाग ने क्लीनिक को किया सील
मालथौन – मालथौन क्षेत्र के बमनोरा गांव में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही ने एक बार फिर एक व्यक्ति की जान ले ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पलेथनी ग्राम निवासी 50 वर्षीय हलकाई पिता सुक्के आदिवासी इलाज के लिए बमनोरा गांव स्थित एक निजी क्लीनिक पहुंचे थे, जहां कथित डॉक्टर विश्वास ने उन्हें गलत इंजेक्शन लगा दिया।
इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने लगी। डॉक्टर ने परिजनों से कहा कि मरीज को किसी और अच्छे चिकित्सक को दिखाएं। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत मालथौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही के कारण ही हलकाई की मौत हुई है।
पुलिस ने डॉक्टर विक्रांत गुप्ता के सहयोग से उक्त झोलाछाप डॉक्टर का क्लीनिक सील कर दिया है। आरोपी डॉक्टर विश्वास मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
मालथौन क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा इलाज के नाम पर की जा रही लापरवाही लगातार लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है।
क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बिना किसी मेडिकल योग्यता के चल रहे क्लीनिकों पर अब प्रशासन की कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।






